– सजा बढ़ाने की राज्य सरकार की अपील स्वीकार
रांची : झारखंड उच्च न्यायालय ने एसिड अटैक के एक मामले में दोषी को सुनाई गई सजा बढ़ाने के लिए राज्य सरकार की ओर से दायर अपील में हुई 2845 दिनों की देरी को माफ कर दिया है। अदालत ने मामले की गंभीरता और पीड़ित की स्थिति को देखते हुए देरी माफी की अर्जी स्वीकार कर ली। साथ ही सरकार की अपील को इसी घटना से जुड़े अन्य लंबित मामलों के साथ नियमित खंडपीठ के समक्ष सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया।
राज्य सरकार ने रिंकी देवी को सुनाई गई सजा को अपर्याप्त बताते हुए इसे बढ़ाने की मांग की है। इसके लिए अपील के साथ विलंब माफी याचिका (आईए) भी दाखिल की गई थी।
रिंकी देवी को छह मार्च 2018 को आईपीसी की धारा 326, 504 और 506 के तहत दोषी ठहराया गया था। धारा 326 के तहत उन्हें तीन साल के सश्रम कारावास और 50 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई थी। वहीं, धारा 504 और 506 के तहत एक-एक साल के सश्रम कारावास की सजा दी गई थी। आरोप है कि उन्होंने पीड़ित के चेहरे पर तेजाब फेंका था, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया था। राज्य सरकार का तर्क है कि अपराध की गंभीरता को देखते हुए दोषी को मिली सजा पर्याप्त नहीं है।
सरकार की ओर से अदालत को बताया गया कि पीड़ित ने पहले सजा बढ़ाने के लिए आपराधिक पुनरीक्षण याचिका दायर की थी, जिसे 12 मई 2023 को इस आधार पर खारिज कर दिया गया था कि पीड़ित की ओर से ऐसी याचिका सुनवाई योग्य नहीं है। इसके बाद 23 मार्च 2021 के गृह विभाग के आदेश के तहत गठित समिति और जिला स्तरीय समिति की बैठक हुई। उपायुक्त ने 24 जून 2024 को प्रस्ताव महाधिवक्ता को भेजा, जिसके बाद राज्य सरकार की ओर से अपील दायर की गई।
वहीं, रिंकी देवी के अधिवक्ता ने उच्च न्यायालय के एक फैसले का हवाला देते हुए विलंब माफी का विरोध किया। उन्होंने दलील दी कि सरकारी विभाग प्रक्रियागत लापरवाही का हवाला देकर देरी माफ कराने का दावा नहीं कर सकते। राज्य सरकार 2845 दिनों की देरी के प्रत्येक दिन का संतोषजनक कारण बताने में विफल रही है। इसलिए विलंब माफी की अर्जी खारिज की जानी चाहिए।
खंडपीठ ने मामले के तथ्यों और परिस्थितियों पर विचार करते हुए कहा कि पीड़ित की पुनरीक्षण याचिका खारिज होने के कारण उसके लिए अन्य कानूनी रास्ते अपनाने का विकल्प सीमित हो गया था। एमिकस क्यूरी ने अदालत को बताया कि पीड़ित अब भी एसिड अटैक से लगी जलने की चोटों का इलाज करा रहा है। अदालत ने भी पीड़ित की गंभीर स्थिति और भविष्य में होने वाली सर्जरी की आवश्यकता को महत्वपूर्ण माना।
खंडपीठ ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला स्तरीय समिति ने विचार-विमर्श के बाद अपील दायर करने का निर्णय लिया था। इन परिस्थितियों को पर्याप्त आधार मानते हुए अदालत ने अपील दाखिल करने में हुई 2845 दिनों की देरी माफ कर दी और विलंब माफी संबंधी अंतरिम आवेदन (आईए) निष्पादित कर दिया।
