खूंटी : सांसद कालीचरण मुंडा ने कहा कि ग्राम सभा की मजबूती से ही पांचवीं अनुसूची के अधिकारों की रक्षा होगी। सांसद गुरुवार को चलकद में दक्षिण अड़की के हातु मुंडाओं की महाग्राम सभा में को सम्बोधित कर रहे थे।
ग्राम सभा की अध्यक्षता अब्राहम सोय ने की। इस दौरान सांसद ने ग्राम सभा की संवैधानिक शक्तियों और अधिकारों पर विस्तार से चर्चा करते हुए इसे मजबूत बनाने पर जोर दिया।
सांसद ने कहा कि पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में ग्राम सभा को विशेष संवैधानिक अधिकार और शक्तियां प्राप्त हैं। इन अधिकारों की जानकारी प्रत्येक ग्रामीण को होनी चाहिए, ताकि वे अपने जल, जंगल, जमीन और स्थानीय संसाधनों की रक्षा के साथ-साथ गांव के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें। उन्होंने ग्रामीणों से अपने संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और ग्राम सभा को सशक्त बनाने की अपील की।
महाग्राम सभा के दौरान सांसद ने ग्रामीणों से क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं की जानकारी भी ली। इस क्रम में ग्राम सभा के सदस्यों ने प्रशासन के रवैये और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को सांसद के समक्ष रखा। सांसद ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वे जल्द ही संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक पहल करेंगे।
मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता नईमुद्दीन खान, विल्सन तोपनो, अड़की सांसद प्रतिनिधि प्रकाश मुंडा, जोहन मुंडा, मोगो मुंडा, काली सोय, जागराय मुंडा, पौलुस हेमरोम, लक्ष्मण टुटी सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।
