खूंटी : शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर बाबा आम्रेश्वर धाम स्थित भव्य दुर्गा मंदिर में रविवार को विधि-विधान के साथ कलश स्थापना की गई। इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। मुख्य यजमान के रूप में व्यवहार न्यायालय के न्यायाधीश अमित कुमार सिन्हा ने सपत्नीक पूजा-अर्चना की। पुरोहित सच्चिदानंद शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा संपन्न कराई।
इस अवसर पर गम्हरिया गांव में नवनिर्मित अष्टभुजी मां दुर्गा मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के लिए निकाली गई भव्य कलश यात्रा बाबा आम्रेश्वर धाम पहुंची। यहां मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से महामंत्री मनोज कुमार के नेतृत्व में कलश यात्रियों का स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं को चुनरी भेंट कर सम्मानित किया गया और शरबत पिलाकर यात्रा के लिए विदा किया गया।
मंदिर प्रबंधन समिति के महामंत्री मनोज कुमार ने बताया कि दुर्गा मंदिर में कलश स्थापना के साथ नौ दिवसीय विशेष अनुष्ठान और पूजा-अर्चना शुरू हो गई है। नवरात्र के पावन दिन गम्हरिया में नवनिर्मित मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के लिए निकली कलश यात्रा श्रद्धालुओं की गहरी आस्था और भक्ति का प्रतीक है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए मां दुर्गा से क्षेत्र के लोगों की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
मौके पर समिति के संतोष पोद्दार, महेंद्र कश्यप, महेंद्र प्रसाद भगत, सत्यजीत कुंडू, जगदीश नाग, केशरी कश्यप, विजय राम, प्रकाश कुमार, प्रदीप कुमार, दिनेश महतो और ओम कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
