खूंटी : आगामी त्योहारों के मद्देनजर खूंटी जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में उपायुक्त के निर्देश पर अधीक्षक उत्पाद के पर्यवेक्षण में उत्पाद विभाग की टीम ने मुरहू पुलिस के सहयोग से बुधवार को चिचिगड़ा और माहिल गांव में छापेमारी की।
इस दौरान अवैध चुलाई शराब बनाने वाली छह भट्ठियों को ध्वस्त किया गया। मौके से करीब 2000 किलोग्राम जावा महुआ और 100 लीटर चुलाई शराब बरामद की गई।
छापेमारी के दौरान चिचिगड़ा गांव के जंगल और घनी झाड़ियों के बीच बड़े पैमाने पर अवैध शराब बनाने का मामला सामने आया। शराब तैयार करने के लिए 200 किलोग्राम क्षमता वाले नीले प्लास्टिक के ड्रमों में जावा महुआ भरकर रखा गया था। भट्ठियों को जंगल की झाड़ियों के बीच इस तरह संचालित किया जा रहा था कि बाहरी लोगों की नजर उन पर आसानी से न पड़े। कार्रवाई के दौरान टीम ने शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाली भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया और तैयार शराब और जावा महुआ जब्त कर लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जंगलों में अवैध रूप से तैयार की जा रही चुलाई शराब की आपूर्ति मुरहू और खूंटी के बाजारों तक की जाती थी। त्योहारों के दौरान शराब की खपत बढ़ने की आशंका को देखते हुए विभाग ने यह कार्रवाई की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
मुरहू थाना प्रभारी नायाल गोडविन केरकेट्टा और उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। आरोपिताें के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
