पूर्वी सिंहभूम : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा कि शारदीय और वासंतिक नवरात्र का प्रभु श्रीराम से गहरा संबंध है। वासंतिक नवरात्र भगवान श्रीराम के जन्म का प्रतीक है, जबकि शारदीय नवरात्र रावण पर विजय की पौराणिक परंपरा से जुड़ा है।
उन्होंने कहा कि नवरात्र के नौ दिन मां दुर्गा की उपासना और आराधना के लिए समर्पित होते हैं, जबकि १० वें दिन विजयादशमी असत्य पर सत्य की जीत के उत्सव के रूप में मनाई जाती है। इसके बाद विधायक ने बीमारी के बाद स्वास्थ्य लाभ कर रहे जयमंगला बाबा से मुलाकात की।
सरयू राय ने रविवार को जमशेदपुर के विभिन्न दुर्गापूजा पंडालों का भ्रमण कर मां दुर्गा को नमन किया और सभी के सुख, शांति एवं कल्याण की कामना की। इस दौरान वह सोनारी स्थित शिव प्रिया दुर्गा मंदिर समिति के महाष्टमी भोग में शामिल हुए।
विधायक छोटा गोविंदपुर के दयाल सिटी, सोनारी सार्वजनिक दुर्गापूजा कमेटी, एयरोड्रम, कागलनगर सेंटर, एनआईटी जमशेदपुर परिसर, फूड प्लाजा सिदगोड़ा और टेल्को के एम टाइप दुर्गापूजा पंडाल भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि नवरात्र आस्था, साधना और शक्ति की उपासना का पर्व है, जो समाज को सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
