खूंटी : आरसी बालक मध्य विद्यालय, खूंटी के प्रधानाध्यापक फादर बेनेदिक बारला पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में बुधवार को खूंटी में जमकर आक्रोश देखने को मिला। हमले से नाराज मसीही समुदाय सहित आदिवासी समुदाय के लोगों ने भगत सिंह चौक पर करीब साढ़े पांच घंटे तक एनएच जाम रखा। आंदोलनकारियों ने बाजार टांड़ के पास भी सड़क अवरुद्ध कर दी और शहर की कई दुकानों को बंद करा दिया। इससे खूंटी-सिमडेगा, खूंटी-चाईबासा और खूंटी-तमाड़ मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यातायात बाधित होने से आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
आंदोलन के दौरान एंबुलेंस और विसर्जन के लिए ले जाई जा रही मां दुर्गा की प्रतिमा को आवागमन की छूट दी गई, जबकि अन्य वाहनों, यहां तक कि दोपहिया वाहनों को भी जाम से गुजरने नहीं दिया गया। आंदोलनकारी हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी और मामले में ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
डीसी-एसपी को बुलाने पर अड़े रहे आंदोलनकारी
अपराह्न दो बजे बीडीओ सह सीओ ज्योति कुमारी जाम स्थल पर पहुंचे और आंदोलनकारियों को समझाने का प्रयास किया। बाद में कल्याण पदाधिकारी प्रमोद राम एवं एएसपी क्रिस्टोफर केरकेट्टा भी मौके पर पहुंचे और जाम समाप्त करने का प्रयास किया, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ। इसके बाद एसडीएम दीपेश कुमारी भी मौके पर पहुंचे, लेकिन आंदोलनकारी डीसी और एसपी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। उनका कहना था कि शीर्ष प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का भरोसा देने के बाद ही जाम समाप्त किया जाएगा।
मांगपत्र सौंपा, कार्रवाई का मिला आश्वासन
अपराह्न 4:35 बजे डीसी मो. जावेद हुसैन और एसपी ऋषभ गर्ग जाम स्थल पर पहुंचे। आंदोलनकारियों ने उन्हें मांगपत्र सौंपकर हमले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। डीसी ने बताया कि अस्पताल में भर्ती फादर बेनेदिक बारला की स्थिति स्थिर है। उन्होंने प्रशासन की ओर से उचित कार्रवाई का भरोसा देते हुए आंदोलनकारियों से जाम समाप्त करने की अपील की।
वहीं, एसपी ने कहा कि सड़क जाम के कारण पुलिस का समय बाधित हो रहा है, जिससे अपराधियों की गिरफ्तारी में देरी हो सकती है। उन्होंने लोगों से पुलिस को जांच और कार्रवाई करने का अवसर देने की अपील की। अधिकारियों के आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने शाम 4:50 बजे जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद यातायात सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू हुई।
एसआईटी गठन और सुरक्षा बढ़ाने की मांग
जाम समाप्त होने के बाद आंदोलनकारियों ने खूंटी पेरिस में बैठक कर मामले की समीक्षा की। सौंपे गए मांगपत्र में हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी, घटना की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन, वैज्ञानिक तरीके से अनुसंधान और सभी सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग की गई है।
इसके अलावा फादर बेनेदिक बारला के परिवार को सुरक्षा देने, उनकी उचित चिकित्सकीय जांच कराने और विद्यालय परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी उठाई गई। आंदोलनकारियों ने प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए तीन नकाबपोश हमलावर, पुलिस जांच में जुटी
खूंटी स्थित आरसी बालक मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक फादर बेनेदिक बारला पर अज्ञात अपराधियों ने जानलेवा हमला कर दिया। मंगलवार रात विद्यालय के कार्यालय परिसर में हुई इस घटना में प्रधानाध्यापक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
बुधवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग, एएसपी क्रिस्टोफर केरकेट्टा, एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा, थाना प्रभारी बाबू बंसी साव समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और कुछ नमूने एकत्र किए। इसके अलावा, डॉग स्क्वायड की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। फिलहाल, हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
सीसीटीवी फुटेज में दिखे तीन हमलावर
पुलिस की जांच के दौरान विद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से घटना से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई। फुटेज के अनुसार, मंगलवार रात करीब नौ बजे तीन अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया। तीनों विद्यालय के पीछे की दीवार फांदकर छत के रास्ते कार्यालय परिसर में पहुंचे थे।
बताया जाता है कि रात करीब 8:50 बजे फादर बेनेदिक बारला विद्यालय के कार्यालय में पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद तीनों अपराधियों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। वारदात के दौरान तीनों ने कपड़े से अपने चेहरे ढक रखे थे, ताकि उनकी पहचान न हो सके।
हमलावरों की पहचान में जुटी पुलिस
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस हमलावरों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई में जुटी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि प्रधानाध्यापक पर हमला किस मकसद से किया गया। फिलहाल, घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।
