मेदिनीनगर : भारतीय जनता पार्टी की जिला स्तरीय संगठनात्मक बैठक में 4 नवंबर को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मार्च/रैली आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कार्यकर्ताओं से केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तथा घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
आदित्य साहू ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर भ्रष्टाचार, लूट-खसोट और विकास कार्यों में बाधा के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा, दलित, आदिवासी और मजदूरों की समस्याओं को जनता के बीच उठाया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहने की अपील की।
प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा। इसके लिए प्रमुख नेता और सक्रिय कार्यकर्ता गांव, पंचायत तथा प्रखंड स्तर पर प्रवास कर पार्टी की विचारधारा और केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे।
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि मोदी सरकार विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर काम कर रही है। उनके अनुसार, विकास और जनकल्याण के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे कार्यों से विपक्ष हताश है और अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहा है।
बैठक को सांसद विष्णु दयाल राम, विधायक आलोक चौरसिया और विधायक शशि भूषण मेहता ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी ने की। संचालन जिला महामंत्री अजय सिंह और धन्यवाद ज्ञापन जिला महामंत्री विजय ठाकुर ने किया।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री अमर बावरी एवं मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, जिला प्रभारी शशि भूषण भगत, पूर्व विधायक कमलेश सिंह एवं पुष्पा देवी, महापौर अरुणा शंकर, पूर्व सांसद मनोज कुमार सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
