पलामू : नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय में प्रशासनिक और वित्तीय कार्यों को लेकर राजभवन ने सख्त रुख अपनाया है। राज्यपाल सचिवालय की अपर सचिव अर्चना मेहता ने विश्वविद्यालय के कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक और वित्त पदाधिकारी को पत्र भेजकर लोक भवन से प्राप्त निर्देशों और आदेशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है।
पत्र में कहा गया है कि विभिन्न माध्यमों से राजभवन को सूचना मिल रही है कि विश्वविद्यालय के कुलपति और अन्य पदाधिकारी लोक भवन के आदेशों के विपरीत मनमाने तरीके से नियम विरुद्ध कार्य किये जा रहे हैं। शिकायतों के अनुसार, कुलपति की प्रशासनिक और वित्तीय शक्तियों पर रोक लगाये जाने के बावजूद रात में कार्यालय खुलवाकर नियम विरुद्ध कार्य किये गये।
राज्यपाल सचिवालय की ओर से जारी पत्र में निर्देश दिया गया है कि विश्वविद्यालय में लोक भवन से प्राप्त निर्देशों और आदेशों का अक्षरशः पालन किया जाये। आदेशों के विपरीत कोई कार्य किये जाने पर संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध भी कार्रवाई की जायेगी।
उल्लेखनीय है कि राज्यपाल के आदेश के बाद नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय में स्पेशल ऑडिट कराया गया था। ऑडिट रिपोर्ट में विश्वविद्यालय में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं का उल्लेख किया गया है। इसके बाद राज्यपाल ने कुलपति डॉ दिनेश कुमार सिंह की वित्तीय और प्रशासनिक शक्तियां जब्त कर ली थीं। कुलपति को हटाने का प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को भेजा गया है। यह प्रस्ताव सरकार के स्तर पर विचाराधीन है।
कुलपति की वित्तीय और प्रशासनिक शक्तियां जब्त किये जाने वाले दिन ही उन्होंने रात में डॉ मृत्युंजय कुमार को रजिस्ट्रार नियुक्त करने का आदेश जारी किया था। बताया गया है कि यह आदेश रात में कार्यालय खुलवाकर जारी किया गया।
इस नियुक्ति के लिए उच्च तकनीकी शिक्षा विभाग के आदेश को आधार बनाया गया था। विभाग के आदेश में नियमित नियुक्ति होने तक विश्वविद्यालय को अपने स्तर पर वैकल्पिक व्यवस्था करने की अनुमति दी गयी थी। हालांकि, बाद में उच्च तकनीकी शिक्षा विभाग के निदेशक ने रजिस्ट्रार की वैकल्पिक व्यवस्था से संबंधित अपना आदेश वापस ले लिया।
