पश्चिमी सिंहभूम: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को भारतीय जनता पार्टी, चाईबासा नगर की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर अध्यक्ष राकेश पोद्दार के नेतृत्व में पुरानी डीसी ऑफिस के सामने स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व, विचारों और देश के एकीकरण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रीय एकता, अखंडता और मजबूत इच्छाशक्ति का प्रतीक है। आजादी के बाद विभिन्न रियासतों का भारत में विलय कराकर उन्होंने एक सशक्त राष्ट्र की नींव मजबूत की। उनकी राजनीतिक दूरदर्शिता और सूझबूझ के कारण ही उन्हें लौह पुरुष के रूप में पहचान मिली।
वहीं कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष राकेश पोद्दार ने कहा कि भाजपा के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। देशहित में योगदान देने वाले हर व्यक्ति का सम्मान किया जाना चाहिए, चाहे वह किसी भी राजनीतिक दल, समुदाय या जाति से जुड़ा हो। उन्होंने युवाओं से सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेने की अपील करते हुए कहा कि उनकी कार्यक्षमता, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण अतुलनीय था। सैकड़ों रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत का निर्माण करने में उनकी भूमिका को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने कहा कि वर्तमान समय में सरदार पटेल के विचार और भी प्रासंगिक हैं। जाति, धर्म और क्षेत्र के आधार पर होने वाले मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को प्राथमिकता देनी होगी। युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश के विकास और एकता में योगदान देना चाहिए।
पूर्व मंत्री ने कहा कि सरदार पटेल का संघर्षपूर्ण जीवन, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू ने कहा कि देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखना ही सरदार पटेल के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में जेबी तुबिद, भूषण पाट पिंगुआ, रंजन प्रसाद, चंद्र मोहन तिऊ, रमेश खिरवाल, कुंज बिहारी खंडईत, शैलेश प्रसाद बंटी, राकेश शर्मा बबलू, मनीष राम, जयपाल कुंकल, हेमंत केसरी, राजश्री बांनरा, प्रताप कटिहार महतो, बाबूराम लागूरी, रोहित दास, मणिकांत पोद्दार, दिलीप साहू, संजय अखाड़ा, पंकज खिरवाल, जय किशन बिरूली, रानी कर, रानी बादिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
