खूंटी : समाहरणालय स्थित सभागार में शुक्रवार को उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं, पोषण योजनाओं के क्रियान्वयन, बच्चों के स्वास्थ्य, बाल संरक्षण और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिया।
उपायुक्त ने जिले में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों के भवनों की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्माणाधीन भवनों और सरकारी और निजी भवनों में संचालित केंद्रों की समीक्षा की। उन्होंने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल, शौचालय और बिजली की व्यवस्था शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही केंद्रों को स्वच्छ और सुंदर रखने, पोषण वाटिका विकसित करने, बच्चों को गर्म कपड़े (स्वेटर) उपलब्ध कराने, नियमित पठन-पाठन और निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक भोजन देने पर जोर दिया।
पोषण ट्रैकर की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सभी प्रखंडों में आंगनबाड़ी केंद्रों का शत-प्रतिशत फेस रिकॉग्निशन सिस्टम (एफआरएस) सुनिश्चित करने को कहा। गर्भवती महिलाओं और बच्चों का समय पर ई-केवाईसी कराने एवं लंबित मामलों की अद्यतन रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। टेक होम राशन वितरण में सुधार, वीएचएसएनडी और सीबीई कार्यक्रमों के नियमित संचालन और बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने तीन से छह वर्ष तक के बच्चों का अपार आईडी बनाने के लिए विशेष कैंप आयोजित करने और आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) सत्यापन में तेजी लाने का निर्देश दिया। कुपोषण उपचार केंद्र (एमटीसी) की समीक्षा करते हुए गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें उपचार से जोड़ने और शत-प्रतिशत बेड ऑक्यूपेंसी सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में एसएएएमएआर, सीएमएएम, सेविका-सहायिका के रिक्त पदों और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने रिक्त पदों पर चयन प्रक्रिया जल्द पूरी करने और सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंचाने का निर्देश दिया। बैठक में सिविल सर्जन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षिका सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
