पूर्वी सिंहभूम : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो से गुजरने वाले एनएच-33 के निर्माण और प्रस्तावित करीब सात किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर के काम में हो रही देरी को लेकर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। शनिवार को जारी बयान में कहा कि सड़क की बदहाली, जगह-जगह गड्ढे और उड़ती धूल से आम जनता परेशान है, लेकिन निर्माण कार्य में तेजी लाने के बजाय अधिकारी उदासीन बने हुए हैं। इस मामले को लेकर वे केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से शिकायत करेंगे।
एनएच-33 का निरीक्षण करने के बाद सरयू राय ने कहा कि बरसात समाप्त हुए 25 दिन बीत चुके हैं, लेकिन सड़क के गड्ढों की मरम्मत तक नहीं की गई है। वाहनों के गुजरने से सड़क पर धूल का गुबार उठता है, जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसके बावजूद एनएचएआई के अधिकारी समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नहीं दिख रहे हैं।
उन्होंने बताया कि एक अक्टूबर को बालीगुमा के वार्ड पार्षद राजेश सिंह ने सड़क निर्माण में देरी के विरोध में धरना दिया था। इसके बाद उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों से बातचीत की। अधिकारियों ने दो दिनों के भीतर काम शुरू कराने का आश्वासन दिया था। इसी भरोसे पर धरना समाप्त कराया गया, लेकिन तीन अक्टूबर को महज दो-तीन घंटे काम होने के बाद निर्माण फिर बंद हो गया।
सरयू राय ने जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि दलमा पहाड़ से आने वाले पानी की निकासी के लिए पर्याप्त चौड़े नाले की व्यवस्था जरूरी है, अन्यथा भविष्य में समस्या और गंभीर हो सकती है।
विधायक ने आरोप लगाया कि फ्लाईओवर निर्माण की गति भी बेहद धीमी है। मौजूदा रफ्तार जारी रही तो परियोजना पूरी होने में पांच साल तक लग सकते हैं। उन्होंने कहा कि वे सोशल मीडिया के जरिए नितिन गडकरी का ध्यान इस ओर आकर्षित करेंगे और जरूरत पड़ने पर सात से १० दिनों के भीतर दिल्ली जाकर उनसे मुलाकात करेंगे। उन्होंने निर्माण में देरी की जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की।
