धनबाद : स्पेशल कैंपेन 6.0 के तहत गुरुवार को धनबाद रेल मंडल के 103 रेलवे स्टेशनों पर ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य स्वच्छता, यात्री सुविधाओं और रेल सुरक्षा एवं संरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अखिलेश मिश्र ने धनबाद जंक्शन का निरीक्षण कर स्टेशन परिसर में स्वच्छता और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने यात्रियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, यात्रा के अनुभवों और सुझावों की जानकारी ली। साथ ही मीडिया प्रतिनिधियों से भी बातचीत की।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने गाड़ी संख्या 13351 धनबाद-अल्लेप्पी एक्सप्रेस की पैंट्री कार का निरीक्षण किया और खानपान सेवाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। वहीं, गाड़ी संख्या 13352 अल्लेप्पी-धनबाद एक्सप्रेस के यात्रियों से संवाद कर उनकी यात्रा संबंधी समस्याओं और सुझावों को जाना।
धनबाद जंक्शन पर स्काउट एंड गाइड के सदस्यों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों को स्वच्छता, सुरक्षा और संरक्षा के प्रति जागरूक किया। डीआरएम ने अधिकारियों, कर्मचारियों और यात्रियों से रेलवे परिसर को स्वच्छ रखने तथा सुरक्षित रेल यात्रा सुनिश्चित करने में सहयोग की अपील की।
रेलवे के इस अभियान का उद्देश्य यात्रियों की अपेक्षाओं के अनुरूप सुविधाओं में सुधार करना और बेहतर रेल सेवाओं के प्रति जनभागीदारी बढ़ाना है। धनबाद रेल मंडल ने स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की बात कही है।
