पलामू : दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के टाउन हॉल में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने की। इसमें पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, सदर एसडीओ संजय पांडेय, हुसैनाबाद, छतरपुर, मेदिनीनगर, विश्रामपुर एवं लेस्लीगंज एसडीपीओ, इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी, जिला प्रशासन के पदाधिकारी, विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य और एवं दुर्गा पूजा, मुहर्रम इंतजामिया कमिटी तथा शांति समिति के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि पलामू जिले में छोटे-बड़े कुल 690 पूजा पंडाल बनाए जा रहे हैं। सभी पूजा समितियों और आम नागरिकों के सहयोग से दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाई जाएगी। बैठक में आए सुझावों पर जिला प्रशासन अमल करेगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। उन्होंने पूजा समितियों से प्रशासन का सहयोग करने और कम्युनिटी पुलिसिंग के माध्यम से पूजा के दौरान होने वाली गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की।
उपायुक्त ने सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त रौशनी और महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, प्रत्येक पंडाल में प्रशिक्षित वॉलंटियर तैनात करने और सुरक्षा मानकों का पालन कराने पर जोर दिया। कहा कि हाल के दिनों में जलस्त्रोतों में डूबकर मौत होने की घटनाओं को देखते हुए विसर्जन के दौरान किसी अप्रिय घटना से बचाव के लिए नदियों और बड़े तालाबों के पास स्थानीय गोताखोरों की तैनाती की जाएगी। इसके लिए गोताखोरों को दैनिक भत्ता देने की बात भी कही।
