खूंटी : विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने बुधवार को खूंटी के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एसआईआर के तहत आयोजित ‘एक और अवसर’ कैंप तथा बीएलओ-बीएलए-2 की छठवीं बैठक की गतिविधियों का जायजा लिया। उपायुक्त ने मतदान केंद्र संख्या 179, 180, 181, 182, 193 एवं 194 का निरीक्षण कर संबंधित पदाधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कैंप में मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित कार्यों, पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया तथा आवश्यक अभिलेखों की जांच की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए इसके पुनरीक्षण कार्य में पूरी पारदर्शिता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी बरतना आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी कारणवश मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित रह गए पात्र नागरिकों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत एक और अवसर उपलब्ध कराया जाए, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
इसके बाद उपायुक्त ने संबंधित विद्यालयों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालयों में पठन-पाठन की व्यवस्था और मध्याह्न भोजन योजना की स्थिति का जायजा लिया। भोजन की गुणवत्ता परखने के लिए उन्होंने स्वयं बच्चों के साथ मध्याह्न भोजन ग्रहण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि बच्चों को निर्धारित मेनू के अनुसार पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए।
इस दौरान उपायुक्त ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, विद्यालय की सुविधाओं एवं समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार करते हुए विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक एवं बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
