खूंटी : स्थानीय जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन (एलएलएफ) की ओर से संचालित ‘कथा सेतु प्रोजेक्ट’ के तहत मुंडारी भाषा में बाल साहित्य सृजन एवं पठन-पाठन विषय पर शुक्रवार को ओरिएंटेशन कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में मुंडारी भाषा की पारंपरिक लोककथाओं के संग्रह, संरक्षण और उन्हें प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों के लिए रोचक बाल साहित्य के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यशाला में संस्था की स्टेट मैनेजर पल्लवी शाह, विशेषज्ञ नीरज, मुख्य फैसिलिटेटर जीतेंद्र, जिला कार्यक्रम समन्वयक अंकज कुमार एवं जिला अकादमिक समन्वयक अमित कुमार शामिल हुए। मुख्य फैसिलिटेटर जीतेंद्र ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण एवं सहजीकरण प्रदान किया।
कार्यशाला का उद्देश्य मुंडारी समुदाय में पीढ़ियों से प्रचलित लोककथाओं और मौखिक कहानियों का संकलन कर कक्षा एक से पांच तक के बच्चों की आयु, रुचि और भाषाई समझ के अनुरूप विकसित करना है। इस दौरान सरल और आकर्षक कहानियों के निर्माण, कहानी वाचन, चित्रों के माध्यम से पठन, संवाद और सहभागितापूर्ण शिक्षण की तकनीकों पर चर्चा की गई।
वक्ताओं ने कहा कि मातृभाषा और स्थानीय परिवेश से जुड़ी कहानियां बच्चों के लिए सीखने की प्रक्रिया को सहज और आनंददायक बनाती हैं। इससे भाषा विकास, पठन कौशल और आधारभूत साक्षरता को मजबूती मिलती है।
उल्लेखनीय है कि कथा सेतु परियोजना के तहत देश के छह राज्यों की 11 जनजातीय भाषाओं में लोककथाओं का संग्रह कर बाल साहित्य तैयार किया जा रहा है। झारखंड में संथाली, मुंडारी और हो भाषाओं को इसमें शामिल किया गया है। एलएलएफ राज्य शिक्षा विभाग के बहुभाषी शिक्षा कार्यक्रम ‘पलाश’ में तकनीकी सहयोग भी दे रहा है।
कार्यशाला में चंद्रावती सारू, निभय हस्सा सहित शिक्षक, भाषा विशेषज्ञ और नौ स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
