खूंटी : उपायुक्त मो. जावेद हुसैन की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय स्थित सभागार में राजस्व संग्रहण, राजस्व विभाग एवं भू-अर्जन से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न विभागों की ओर से निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध किए गए राजस्व संग्रहण की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने अधिकारियों को लक्ष्य प्राप्ति के लिए आवश्यक प्रयास करने का निर्देश दिया।
बैठक में राजस्व, खनन, उत्पाद, परिवहन, विद्युत और नगर पंचायत सहित अन्य विभागों के मासिक और वार्षिक राजस्व संग्रहण की समीक्षा की गई। इस दौरान उपायुक्त ने परिवहन विभाग को जिले में यातायात नियमों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना लगाने का निर्देश दिया।
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान दाखिल-खारिज सहित अंचल कार्यालयों से जुड़े विभिन्न मामलों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादित करने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने एवं किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी आवेदन को अस्वीकृत करने की स्थिति में उसका स्पष्ट और तथ्यात्मक कारण दर्ज किया जाना चाहिए।
बैठक में भू-लगान और सेस संग्रहण, सक्सेशन म्यूटेशन, परिशोधन, ग्रीवांस, सर्टिफिकेट केस, जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण-पत्र तथा अवैध जमाबंदी से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने आमजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान करने और इसके लिए विशेष कैंप आयोजित करने पर बल दिया।
वहीं रेलवे, बीएसएनएल और राष्ट्रीय राजमार्ग सहित विभिन्न परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण, मुआवजा भुगतान और म्यूटेशन से संबंधित लंबित मामलों का नियमानुसार निष्पादन करने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी, डीसीएलआर, सभी अंचल अधिकारी, सीआई और संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
