Oplus_16908288
धनबाद : डुमरी के विधायक जयराम महतो अब डॉ. जयराम महतो के नाम से जाने जाएंगे। शुक्रवार को बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू), धनबाद के तीसरे दीक्षांत समारोह में उन्हें पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई। विश्वविद्यालय परिसर स्थित एकेडमिक ब्लॉक में आयोजित समारोह में झारखंड के राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार ने उन्हें डॉक्टरेट की डिग्री दी। जयराम महतो ने विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग से शोध पूरा कर यह उपाधि हासिल की है।
दीक्षांत समारोह में पीएचडी की डिग्री प्राप्त करने के लिए जयराम महतो अपनी मां और भाई के साथ पहुंचे थे। विधायक के साथ एक शोधार्थी के रूप में उनकी यह उपलब्धि उनके लिए खास रही। उपाधि मिलने के बाद उन्होंने कहा कि यह डिग्री महज कागज का टुकड़ा नहीं, बल्कि उनके संघर्षों का परिणाम है। इस मुकाम तक पहुंचने में जिन लोगों ने उनका सहयोग किया, उन्होंने उन सभी के प्रति आभार जताया।
डॉ. जयराम महतो ने कहा कि विधायक के रूप में जनता की सेवा करना और साथ ही पढ़ाई के लिए समय निकालना उनके लिए चुनौतीपूर्ण रहा। जनप्रतिनिधि के तौर पर जिम्मेदारियों के बीच शोध कार्य पूरा करना आसान नहीं था, लेकिन शिक्षा के प्रति उनकी रुचि बचपन से ही रही है। इसी लगन के कारण उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और पीएचडी की उपाधि हासिल की।
उन्होंने कहा कि शिक्षा हासिल करने की ललक आगे भी बनी रहेगी। वह लगातार सीखने, समझने और नई जानकारियां प्राप्त करने का प्रयास करते रहेंगे।
