रांची : राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (एनसीएसटी), की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने सोमवार को रांची जिले के बेड़ो प्रखंड कार्यालय में आयोजित प्रखंड स्तरीय जनजातीय संवाद कार्यक्रम में भाग लिया।
इस दौरान उन्होंने जनजातीय समाज, सामाजिक संगठनों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से संवाद कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और जनजातीय समाज से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी प्राप्त की।
डॉ आशा लकड़ा ने कहा कि जनजातीय समाज की समस्याओं को केवल सुनना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका समय पर त्वरित और विधिसम्मत समाधान सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के संवैधानिक अधिकारों और हितों की रक्षा करना राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है।
भूमि और सीएनटी से जुड़े मामलों पर विशेष जोर
जनजातीय संवाद के दौरान जनजातीय भूमि से जुड़े मामलों, भूमि हस्तांतरण और भूमि विवादों सहित सीएनटी एक्ट के प्रावधानों के अनुपालन से संबंधित विषय प्रमुखता से उठाए गए।
