खूंटी : रांची के मोरहाबादी मैदान में 29 अक्टूबर से 3 नवंबर तक आयोजित जियासोवा दिवाली मेले में खूंटी जिले की ग्रामीण महिलाओं की ओर से तैयार स्थानीय और हस्तनिर्मित उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। जिला प्रशासन के सहयोग से झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की महिलाओं ने मेले में तीन आकर्षक स्टॉल लगाए हैं। इनके माध्यम से जिले के पारंपरिक, प्राकृतिक और स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने के साथ ग्रामीण महिलाओं को अपनी उद्यमशीलता प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।
मेले में खूंटी जिले के उत्पादों के लिए अलग-अलग स्थानों पर स्टॉल स्थापित किए गए हैं। इनमें एफजेड-12 पर कटहल प्रसंस्करण इकाई के उत्पाद, ए-29 पर आदिवा ज्वेलरी और ई-15 पर हैंडलूम से तैयार वस्तुएं उपलब्ध हैं। इन स्टॉलों का संचालन स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के साथ एफपीओ सरजोम्बा एग्री प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, खूंटी की ओर से किया जा रहा है। यहां महिलाओं द्वारा तैयार विभिन्न हस्तनिर्मित और प्राकृतिक उत्पादों की बिक्री की जा रही है।
स्टॉलों पर पहुंच रहे लोग खूंटी की स्थानीय कला, पारंपरिक शिल्प और महिलाओं के हुनर में विशेष रुचि दिखा रहे हैं। खासकर आदिवासी परंपरा से जुड़े आभूषण, कटहल से तैयार प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद और हैंडलूम की वस्तुएं खरीदारों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं। इन उत्पादों के जरिए जिले की स्थानीय संस्कृति और ग्रामीण महिलाओं की रचनात्मकता को भी व्यापक पहचान मिल रही है।
मेले में स्टॉल लगाने का उद्देश्य केवल उत्पादों की बिक्री तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को बाजार की मांग, ग्राहकों की पसंद और उत्पादों की गुणवत्ता से रूबरू कराना भी है। इससे उन्हें अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार, ब्रांड पहचान और विपणन के नए अवसर मिल रहे हैं। बड़े आयोजन में सीधे ग्राहकों तक पहुंचने से महिलाओं को अपने उत्पादों की उपयोगिता और विशेषताओं के बारे में जानकारी देने का अवसर भी मिल रहा है।
