पलामू : जिले के सतबरवा प्रखंड के रबदा पंचायत अंतर्गत फुलवरिया स्थित औरंगा नदी तट पर चेरो वंश के प्रतापी राजा मेदिनीराय की स्मृति में आयोजित दो दिवसीय ऐतिहासिक मेले का समापन बुधवार को हो गया। मेला समिति के अध्यक्ष उमेश सिंह ने शाम 6 बजे इसकी घोषणा की। मेले में तीन लाख से अधिक लोगों के आने-जाने का अनुमान है। पलामू सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग मेला देखने पहुंचे।
समापन समारोह में मेला समिति के सभी सदस्यों और उपस्थित गणमान्य लोगों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। मेले में मिठाई, खिलौने, घरेलू सामान और विभिन्न प्रकार के मनोरंजन के स्टॉलों पर लोगों की भीड़ उमड़ी रही। मेले की खास बात यह रही कि फुलवरिया मेला स्थल पर डिजिटल भुगतान की सुविधा नहीं थी। खरीदारी करने पहुंचे लोगों को नकद भुगतान करना पड़ा। डिजिटल लेनदेन नहीं होने से कई लोगों को परेशानी हुई।
औरंगा नदी पार करने को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा गया। नदी पार करने के दौरान लोगों की भीड़ देखने को मिली। इस मौके पर प्रदीप सिंह, सुमंत कुमार और धनंजय मेहता ने कहा कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने जनता को छलने का काम किया है। मौके पर फुलवरिया मेला स्थल पर औरंगा नदी पर पुल का निर्माण को जरूरी बताया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि पुल बनने से आवागमन सुगम होगा और मेले में आने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी।
मेले के दौरान दर्जनों बच्चे अपने परिजनों से बिछड़ गए। हालांकि मेला समिति और प्रशासन की तत्परता और सूझबूझ से सभी बच्चों को सकुशल उनके परिजनों से मिलाया गया।
