पश्चिमी सिंहभूम : जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत कमारहातु स्थित लाइब्रेरी भवन में मसकल फाउंडेशन की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मतकमहातु पंचायत की मुखिया जुलियाना देवगम की पहल पर आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 11 विभूतियों के साथ मेधावी विद्यार्थियों और प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने चयनित लोगों को अंगवस्त्र और प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम में शिक्षा और जागरूकता के क्षेत्र में रांधो देवगम एवं शिक्षक तुराम देवगम, कृषि के क्षेत्र में हरिश देवगम, समाजसेवा में सोमय देवगम, व्यवसाय में रुस्तम देवगम, खेल में जोसेफ देवगम और मोटाय देवगम, पर्यावरण संरक्षण में धर्मराज देवगम तथा संस्कृति के क्षेत्र में बुधराम गागराई को सम्मानित किया गया। खेल प्रतिभाओं को प्रशिक्षण देने के लिए कोच जोगेन देवगम को भी सम्मान मिला।
शैक्षणिक उपलब्धि के लिए मैट्रिक परीक्षा प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण करने वाले राम देवगम को साइकिल देकर प्रोत्साहित किया गया। वहीं सुरजमनी देवगम, सोमा देवगम और इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण अमृता देवगम को नकद राशि प्रदान की गई।
समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व उपसमाहर्ता विजय लक्ष्मी सिंकू, बीडीओ साधुचरण देवगम, मुखिया जुलियाना देवगम, साहित्यकार जवाहरलाल बांकिरा, पुलिस सार्जेंट मेजर रांधो देवगम, पंचायत समिति सदस्य दीनबंधु देवगम सहित अन्य अतिथियों ने सम्मान प्रदान किया। पूर्व सैनिक नारायण देवगम और पीएचडी उपाधि प्राप्त ख्रिस्टिना देवगम को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि प्रतिभाओं को सम्मान मिलने से उनका मनोबल बढ़ता है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करने के साथ बच्चों और युवाओं को शिक्षा, खेल, पर्यावरण, संस्कृति तथा सामाजिक सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में शिक्षक कृष्णा देवगम, फाउंडेशन अध्यक्ष सुरजा देवगम, सचिव तुराम देवगम, पूर्व एएनएम जयमती, कृष्णा पाड़ेया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और बच्चे मौजूद रहे।
