खूंटी : भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 15 नवंबर को आयोजित होने वाले राजकीय बिरसा महोत्सव-2026 की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को उपायुक्त मो जावेद हुसैन और पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने अड़की प्रखंड स्थित भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ विभिन्न निर्माण और व्यवस्थागत कार्यों का स्थल निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बिरसा ओड़ा के जीर्णोद्धार, बम्बू कॉटेज निर्माण, लाइब्रेरी के व्यवस्थित संचालन और बिरसा ओड़ा एवं बिरसा कॉम्प्लेक्स में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। परिसर में रंग-रोगन, साफ-सफाई, स्वच्छता और साज-सज्जा पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि महोत्सव में पहुंचने वाले अतिथियों और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इसके अलावा उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने चयनित एजेंसी से कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी लेते हुए मंच निर्माण, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, साज-सज्जा और अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। उपायुक्त ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
वहीं, महोत्सव के दौरान सुरक्षा एवं आवागमन को लेकर हेलिपैड निर्माण, पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा संबंधी तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
मौके पर उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।
