खूंटी: रनिया प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों का उत्पात ग्रामीणों के लिए लगातार परेशानी का सबब बना हुआ है। हाथियों की आवाजाही से जहां लोगों को जान-माल की सुरक्षा की चिंता सता रही है, वहीं किसानों की महीनों की मेहनत भी पलभर में बर्बाद हो रही है। खेती-किसानी पर निर्भर ग्रामीण परिवारों के लिए जंगली हाथियों का आतंक अब आर्थिक संकट का कारण बनने लगा है। बुधवार की रात गड़ाहातू गांव के आसपास पहुंचे एक जंगली हाथी ने किसान बिरेंद्र साहू के खेत में लगी फूलगोभी की फसल को रौंदकर नष्ट कर दिया।
गुरुवार की सुबह जब बिरेंद्र साहू अपने खेत पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके चेहरे पर मायूसी छा गई। खेत में लगाए गए फूलगोभी के पौधे बिखरे और कुचले पड़े थे। एक विशालकाय जंगली हाथी ने उनके करीब 300 फूलगोभी के पौधों को रौंद दिया था। जिस फसल को किसान ने मेहनत और उम्मीदों के साथ तैयार किया था, उसे नष्ट देखकर उनकी चिंता बढ़ गई। फसल की बर्बादी से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
