Oplus_16908288
धनबाद : धनबाद के बलियापुर थाना क्षेत्र के गोलमारा जंगल में बुधवार को एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव काफी पुराना होने के कारण पूरी तरह सड़ चुका था और उसका अधिकांश हिस्सा कंकाल में तब्दील हो गया था। परिजनों ने कपड़े, चप्पल, सिर के बाल और हाथ में पहने कड़े के आधार पर शव की पहचान गोलमारा निवासी अनूप कुमार सिंह के रूप में की है।
जानकारी के अनुसार, अनूप कुमार सिंह 31 अक्टूबर 2026 की दोपहर करीब 12 बजे से लापता थे। वह एक मोबाइल सिम कंपनी में काम करते थे। उनके अचानक लापता होने के बाद परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। इस संबंध में बलियापुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी।
बुधवार को गोलमारा जंगल में पेड़ से लटका शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव की हालत बेहद खराब थी। शरीर का कमर से नीचे का हिस्सा गायब था। आशंका जताई जा रही है कि लंबे समय तक जंगल में पड़े रहने के कारण जंगली जानवरों ने शव के निचले हिस्से को नुकसान पहुंचाया होगा।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।
