पलामू : जिले के पंडवा थाना क्षेत्र स्थित सीसीएल की राजहरा कोलियरी में ब्लास्टिंग को लेकर ग्रामीणों और कोलियरी प्रबंधन के बीच विवाद गहराता जा रहा है। जमीन और मकान का उचित मुआवजा नहीं मिलने से नाराज ग्रामीणों ने ब्लास्टिंग के लिए जा रहे विस्फोटक वाहन का रास्ता रोक दिया। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई। घटना में तीन ग्रामीण और तीन महिला पुलिसकर्मी चोटिल हो गए। महिला आरक्षी तारा देवी ने मंगलवार को इस मामले में छह नामजद सहित 35 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सीसीएल प्रबंधन बिना उचित मुआवजा दिए उनके घरों के आसपास खनन और हैवी ब्लास्टिंग करा रहा है। ब्लास्टिंग के कारण उनके घरों की दीवारों में दरारें आ गई हैं और मकानों को नुकसान पहुंचा है। इससे प्रभावित परिवारों के सामने सुरक्षा का खतरा उत्पन्न हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक प्रभावित परिवारों को उनके घर और जमीन का उचित मुआवजा नहीं मिल जाता, तब तक वे खनन और ब्लास्टिंग का काम नहीं होने देंगे। इसी विरोध के दौरान पंडवा थाना पुलिस को सूचना मिली कि ग्रामीणों ने सीसीएल के लिए जा रहे विस्फोटक वाहन का रास्ता रोक दिया है। सूचना मिलने के बाद महिला आरक्षी तारा देवी पुलिस बल के साथ राजहरा कोलियरी पहुंचीं।
वहां ग्रामीणों ने सीसीएल के कांटा घर तक जाने वाले रास्ते को अवरुद्ध कर रखा था। इसके कारण विस्फोटक वाहन सहित अन्य गाड़ियां सड़क पर खड़ी थीं। पुलिस के अनुसार, विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ महिलाएं विस्फोटक से भरे वाहन के बिल्कुल नजदीक चली गईं और उसके पास लेट गईं। पुलिसकर्मियों ने उन्हें वाहन से दूर हटने को कहा। इसी बात को लेकर कुछ लोग पुलिसकर्मियों से उलझ गए और मारपीट करने लगे। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस एवं ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, घटना में महिला आरक्षी तारा देवी के सिर में गंभीर चोट आई। वहीं आशा कुमारी के चेहरे, कंधे और हाथ में चोट लगी, जबकि खुशबू कुमारी की एक उंगली टूट गई। दूसरी ओर, तीन ग्रामीणों के भी चोटिल होने की जानकारी सामने आई है।
राजहरा कोलियरी में विस्फोटक वाहन रोकने को लेकर इससे दो दिन पूर्व भी मामला दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। सीसीएल के सुरक्षा विभाग में कार्यरत कर्मी बलराम साव ने 500 किलोग्राम विस्फोटक लदे वाहन को रोकने और सुरक्षा व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया था। इस आवेदन के आधार पर 15 ग्रामीणों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों का विरोध और पुलिस के साथ हुई झड़प के बाद राजहरा कोलियरी में तनाव की स्थिति बनी हुई है। विवाद का मूल मुद्दा प्रभावित परिवारों को जमीन और मकान का उचित मुआवजा दिए जाने की मांग है।
