पूर्वी सिंहभूम : मानगो के मुर्दा मैदान की दो साल से सफाई नहीं होने पर विधायक सरयू राय ने रविवार को मैदान से कचरा उठवाया और उसे मानगो नगर निगम कार्यालय के सामने खाली जमीन पर डंप करा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सात दिनों का अल्टीमेटम देने के बावजूद नगर निगम ने सफाई नहीं कराया। कचरा निस्तारण के लिए डंपिंग स्थल की जानकारी भी नहीं दी गई। ऐसे में रविवार को उठाए गए कचरे को निगम कार्यालय के सामने गिरवा दिया गया। सरयू राय ने कहा कि अब नगर निगम को तय करना है कि इस कचरे को कहां ले जाना है।
सरयू राय के अनुसार, मुर्दा मैदान में लंबे समय से कचरा जमा हो रहा था। बरसात के बाद वहां से उठने वाली दुर्गंध के कारण आसपास के लोग परेशान थे। स्थानीय लोगों और कई वार्ड पार्षदों ने उनसे मिलकर मैदान की सफाई कराने की मांग की थी। इसके बाद उन्होंने नगर निगम को सफाई कराने के लिए कहा, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से जमीन के मालिकाना हक का मामला उठाते हुए कहा गया था कि यह आदिवासियों की जमीन है और वे सफाई का विरोध कर रहे हैं। इसके बाद एक अक्टूबर को उन्होंने आदिवासी नेताओं से बातचीत की। नेताओं ने आशंका जताई कि सफाई के बाद मैदान पर अतिक्रमण हो सकता है। इस पर सरयू राय ने बताया कि मैदान की घेराबंदी के लिए डेढ़ साल पहले ही कल्याण विभाग को प्रस्ताव भेजा जा चुका है और मई में अंचल अधिकारी अपनी रिपोर्ट भी भेज चुके हैं। स्वीकृति मिलने के बाद घेराबंदी कराई जाएगी।
उनका आरोप है कि अधिकारी न तो जनप्रतिनिधियों से बात करते हैं और न ही उनके पत्रों का जवाब देते हैं। उन्होंने कहा कि मुर्दा मैदान की सफाई और कचरा निस्तारण की जिम्मेदारी नगर निगम की है।
