कोडरमा : जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र के लकराही तालाब के समीप बंद पड़े पत्थर खदान से मिले अज्ञात शव के मामले का कोडरमा पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने बुधवार को प्रेस वार्ता कर हत्याकांड की जानकारी दी।
पुलिस ने अवैध संबंध में हत्या की साजिश रचने के आरोप में मृतक की पत्नी किरण देवी और उसके प्रेमी सुनील ठाकुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक नरेश ठाकुर की पत्नी किरण देवी के सुनील ठाकुर से कथित रूप से नजदीकी संबंध थे। आरोप है कि पति से छुटकारा पाने के लिए दोनों ने साजिश रची। सुनील ठाकुर ने नरेश को इलाज के बहाने अपने क्लिनिक बुलाया और इंजेक्शन देने के बहाने जहर दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
इसके बाद शव को पीले प्लास्टिक के बोरे में बांधकर रात के अंधेरे में लकराही स्थित बंद पड़े पत्थर खदान में फेंक दिया गया, ताकि पहचान छिपाई जा सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर गठित विशेष अनुसंधान टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपिताें को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने उनकी निशानदेही पर मृतक का मोबाइल, पर्स, आधार कार्ड, वोटर कार्ड, पैन कार्ड और एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। छापेमारी दल में नवलशाही थाना प्रभारी सुमन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रवि प्रकाश पंडित, देवेंद्र उरांव और थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
