पलामू : पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र के मिटार पिकेट प्रभारी अभिमन्यु कुमार पर एक युवक की बेरहमी से पिटाई करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना में सोहे मिटार गांव निवासी अंतू यादव का हाथ टूटने और शरीर के कई हिस्सों में चोट लगने की बात सामने आई है। घायल युवक का इलाज डालटनगंज में कराया जा रहा है।
इस मामले को लेकर पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक से पिकेट प्रभारी को तत्काल निलंबित करने की मांग की है। वहीं, पिकेट प्रभारी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
सोहे मिटार गांव निवासी अंतू यादव, पिता योगेश्वर यादव, मोटरसाइकिल से घर के पास के जंगल में बकरी के खाने के लिए पेड़ की पत्तियां लेने गए थे। आरोप है कि जंगल से पत्तियां लेकर लौटने के दौरान मिटार पिकेट प्रभारी अभिमन्यु कुमार ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मारपीट की। इसके बाद उनकी मोटरसाइकिल जब्त कर पिकेट ले जाई गई और युवक को वहां रोककर रखा गया।
अंतू का आरोप है कि पिकेट के अंदर भी उनके साथ मारपीट की गई, जिससे उनका हाथ टूट गया और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। आरोप के मुताबिक, युवक की स्थिति बिगड़ने पर पिकेट प्रभारी ने उनके परिजनों को बुलाया और उन्हें छोड़ दिया।
परिजन घायल अंतू यादव को लेकर स्थानीय अस्पताल पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार कराया गया। इसके बाद परिजनों ने पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता से मिलकर मामले की शिकायत की।
इस संबंध में मिटार पिकेट प्रभारी अभिमन्यु कुमार ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि युवक के साथ किसी प्रकार की मारपीट नहीं की गई थी। उसे केवल हेलमेट पहनने के लिए कहा गया था। परिजनों को बुलाने के बाद युवक को छोड़ दिया गया।
