Ranchi : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज योगदा सत्संग समिति ऑफ इंडिया के परमहंस योगानन्द पथ, बहु बाजार, चुटिया स्थित योगदा सत्संग आश्रम पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने स्वामी ईश्वरानंदजी एवं स्वामी निर्मलानंदजी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री के साथ विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन भी उपस्थित थीं।
मुख्यमंत्री ने आश्रम में श्री श्री परमहंस योगानन्दजी के कक्ष, फोटो एवं पुस्तक गैलरी का अवलोकन किया और वहां संरक्षित ऐतिहासिक सामग्री के संबंध में जानकारी प्राप्त की। गैलरी में परमहंस योगानन्दजी एवं उनके प्रमुख शिष्यों द्वारा रचित पुस्तकें, विभिन्न प्रकाशित संदर्भ, स्वामीजी से संबंधित जारी डाक टिकट, दुर्लभ फोटोग्राफ तथा उनके द्वारा उपयोग में लाई गई सामग्री को संरक्षित रखा गया है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने लीची वेदी, स्मृति मंदिर एवं ध्यान मंदिर का भी भ्रमण किया। उन्होंने ध्यान के लिए विकसित उद्यान सहित पूरे आश्रम परिसर का अवलोकन कर वहां की आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक विशेषताओं के बारे में जानकारी ली।
स्वामी ईश्वरानंदजी एवं स्वामी निर्मलानंदजी ने मुख्यमंत्री को योगदा सत्संग आश्रम की गतिविधियों, आध्यात्मिक कार्यों एवं हालिया आयोजनों से भी अवगत कराया।
