हुसैनाबाद(पलामू ):ट्रेड लाइसेंस को लेकर आकाशदीप बिरयानी महल एवं आकाशदीप होटल के संचालक और नगर पंचायत के बीच विवाद के बाद कार्य बहिष्कार कर रहे कर्मियों ने हड़ताल वापस ले ली है। बुधवार देर रात उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के निर्देश पर वरीय अधिकारियों की मौजूदगी में हुई बैठक में दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी। इससे शहर में सफाई, कचरा उठाव और जलापूर्ति सहित अन्य कार्य सामान्य होने की उम्मीद है।
बैठक में एसडीएम समीर अल्फ्रेड मुर्मू, नगर पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार भारती, उपाध्यक्ष सुनील कुमार चौधरी, कार्यपालक पदाधिकारी शशि शेखर सुमन, पुलिस अधिकारी, वार्ड पार्षद और नगर पंचायत कर्मी शामिल हुए।
विवाद की शुरुआत ट्रेड लाइसेंस और प्रतिष्ठान को सील करने की कार्रवाई को लेकर हुई थी। नगर पंचायत कर्मियों ने मारपीट और गाली-गलौज का आरोप लगाया, जबकि प्रतिष्ठान संचालक आकाशदीप मोदनवाल ने नगर पंचायत पर परेशान करने और उनकी पत्नी व महिला कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। दोनों पक्षों ने हुसैनाबाद थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
बैठक के बाद कार्यपालक पदाधिकारी शशि शेखर सुमन ने कहा कि नगर पंचायत के सभी कार्य पूर्व की तरह संचालित होंगे। उन्होंने कर्मियों को नियमानुसार और पारदर्शिता के साथ काम करने का निर्देश दिया। साथ ही सरकारी कार्य में बाधा डालने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी।
