खूंटी : जिले में मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देने और स्थानीय मत्स्य पालकों की आजीविका को सुदृढ़ करने की दिशा में पहल की गई है। इसी क्रम में तालाब जलाशय मत्स्य विकास योजना के अंतर्गत लतरातू जलाशय में एक लाख 30 हजार मत्स्य बीज छोडा गयाा। जलाशय में भारतीय मेजर कार्प प्रजाति की रोहू, कतला और मृगल के साथ ग्रास कार्प के मत्स्य बीज छोड़े गए।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य जलाशय की मत्स्य उत्पादन क्षमता और उत्पादकता में वृद्धि करना है। मत्स्य बीज संचयन से आने वाले समय में जलाशय में मछलियों की उपलब्धता बढ़ेगी। इससे मत्स्य पालन से जुड़े स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलने के साथ उनकी आमदनी में भी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
मत्स्य पालन ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका और स्वरोजगार का एक महत्वपूर्ण साधन है। ऐसे में जलाशयों में वैज्ञानिक तरीके से मत्स्य बीज संचयन की पहल स्थानीय मत्स्य पालकों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में सहायक साबित हो सकती है।
इस अवसर पर जिला मत्स्य पदाधिकारी रौशन कुकर सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
