पलामू : जिले के पांकी थाना क्षेत्र के ढूब गांव में सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां करीब 50 वर्षीय गुणी भुइयां नामक व्यक्ति की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मेदिनी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मंगलवार को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार गुणी भुइयां सोमवार रात घर में सोया हुआ था। इसी क्रम में उसकी हत्या कर दी गई। घटना के समय घर पर कोई नहीं था। घर के सदस्य काली पूजा देखने के लिए गांव में गए हुए थे। छोटे बेटे बिट्टू भुइयां ने मंगलवार को बताया कि काली पूजा देखकर लौटे तो कमरे में पिता को लहूलुहान देखा। उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
इधर, सूत्रों का कहना है कि मृतक शराब का आदी था। 24 घंटे नशे में रहता था और लड़ाई झगड़ा करते रहता था। ज्यादा शराब पीने के कारण पारिवारिक विवाद में उसकी हत्या की आशंका जताई गई है। घटना के बाद से पत्नी और बहू लापता हैं। पुलिस उनकी खोजबीन में जुटी है।
