Ranchi : सीएसआईआर–राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (सीएसआईआर-एनएमएल), जमशेदपुर में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस-2026 श्रद्धा, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर के माननीय सांसद श्री विद्युत वरण महतो उपस्थित थे। कार्यक्रम में सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी, जनजातीय गौरव दिवस समारोह समिति के अध्यक्ष डॉ. पारिक्षित मुंडा तथा प्रशासन नियंत्रक श्री जय शंकर शरण ने मंच साझा किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलन एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन हुआ। इस कार्यक्रम में जनजातीय समुदायों के लगभग 210 स्कूली विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा सीएसआईआर-एनएमएल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
अपने स्वागत संबोधन में डॉ. संदीप घोष चौधरी, निदेशक, सीएसआईआर-एनएमएल ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा प्रारंभ किया गया एक राष्ट्रीय आयोजन है, जिसका उद्देश्य जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के शौर्य, बलिदान एवं योगदान को सम्मान देना तथा जनजातीय समुदायों की समृद्ध विरासत, संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक योगदान को जनमानस तक पहुंचाना है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, जनजातीय अधिकारों, सामाजिक न्याय, सांस्कृतिक पहचान और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान को स्मरण किया।
डॉ. चौधरी ने धातुकर्म, पदार्थ विज्ञान एवं तकनीकी विकास के क्षेत्र में सीएसआईआर-एनएमएल की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्थान वैज्ञानिक अनुसंधान के साथ-साथ कौशल विकास, तकनीकी प्रशिक्षण तथा झारखंड के युवाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उद्योगों एवं समाज के साथ संस्थान के जुड़ाव, वैज्ञानिक जागरूकता के प्रसार तथा एमएसएमई के माध्यम से उद्यमिता, रोजगार एवं औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि विज्ञान शिक्षा एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में जिज्ञासा, नवाचार और अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करना आवश्यक है। उनका संबोधन समावेशी विकास, समुदायों के सशक्तीकरण और वैज्ञानिक रूप से उन्नत झारखंड के निर्माण के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।
डॉ. पारिक्षित मुंडा, अध्यक्ष, जनजातीय गौरव दिवस समारोह समिति, सीएसआईआर-एनएमएल ने अपने संबोधन में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित किया गया था। उन्होंने जनजातीय समुदायों के गौरवशाली इतिहास, बलिदान, सांस्कृतिक विरासत एवं सामाजिक योगदान को स्मरण करते हुए जनजातीय अस्मिता, सशक्तीकरण और समावेशी विकास के महत्व को रेखांकित किया।
इसके पश्चात डॉ. अनीमेष जाना, वैज्ञानिक (आईएमडीसी) एवं सीएसआईआर-जिज्ञासा कार्यक्रम समन्वयक ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विद्यार्थियों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में वैज्ञानिक जागरूकता के प्रसार हेतु सीएसआईआर-एनएमएल द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों तथा सरकारी पहलों में संस्थान की सक्रिय सहभागिता की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि श्री विद्युत वरण महतो, माननीय सांसद, जमशेदपुर ने भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके संघर्ष, साहस तथा जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए किए गए ऐतिहासिक योगदान को याद किया। उन्होंने खनिज संपदा से समृद्ध जनजातीय क्षेत्रों में भूमि अधिकारों की सुरक्षा तथा जनजातीय समुदायों के समक्ष मौजूद चुनौतियों पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने शिक्षा, कौशल विकास, स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन, औद्योगिक विकास एवं आधारभूत संरचनाओं के विस्तार को जनजातीय कल्याण के लिए आवश्यक बताया।
श्री महतो ने कहा कि जनजातीय पहचान एवं सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के लिए भगवान बिरसा मुंडा जैसी दृढ़ इच्छाशक्ति और संकल्प की आवश्यकता है। उन्होंने कोल्हान क्षेत्र में उपलब्ध खनिज संपदा का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके समुचित उपयोग से स्थानीय जनजातीय समुदायों के लिए रोजगार एवं विकास के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं। उन्होंने सरकार, उद्योगों एवं विभिन्न संगठनों से सीएसआर गतिविधियों के माध्यम से दूरस्थ एवं वंचित गांवों तक शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर पहुंचाने का आह्वान किया, ताकि विकास की मुख्यधारा में प्रत्येक समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर श्री जय शंकर शरण, प्रशासन नियंत्रक, सीएसआईआर-एनएमएल ने माननीय सांसद श्री विद्युत वरण महतो का संस्थान में स्वागत किया। उन्होंने जनजातीय उत्थान, सामाजिक विकास तथा सीएसआईआर-जिज्ञासा कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जोड़ने के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने आयोजकों, वैज्ञानिकों एवं विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में विज्ञान, शिक्षा और युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान माननीय सांसद ने सीएसआईआर-एनएमएल द्वारा आयोजित विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी एवं विभिन्न वैज्ञानिकों ने उन्हें खनिज, धातु एवं पदार्थ विज्ञान के क्षेत्र में संस्थान द्वारा किए जा रहे अनुसंधान एवं तकनीकी विकास कार्यों की जानकारी दी। साथ ही आत्मनिर्भर भारत एवं विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय लक्ष्यों में संस्थान के योगदान से अवगत कराया।
जनजातीय विभूतियों से संवाद: पद्मश्री जमुना टुडू का प्रेरक व्याख्यान
जनजातीय गौरव दिवस समारोह के अंतर्गत ‘जनजातीय विभूतियों द्वारा प्रेरक व्याख्यान’ श्रृंखला में पद्मश्री श्रीमती जमुना टुडू को आमंत्रित किया गया।
इस सत्र का शुभारंभ डॉ. रघुवीर सिंह, मुख्य वैज्ञानिक, सीएसआईआर-एनएमएल के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने श्रीमती जमुना टुडू का स्वागत करते हुए आदिवासी संस्कृति, परंपराओं तथा वन संरक्षण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना की। उन्होंने वर्ष 2019 में पद्मश्री सम्मान से सम्मानित श्रीमती टुडू की जीवन यात्रा को निःस्वार्थ सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक प्रतिबद्धता की प्रेरणादायक मिसाल बताया। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के साहस, त्याग, स्वाभिमान एवं स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को भी स्मरण किया। साथ ही सीएसआईआर-एनएमएल की जिज्ञासा, इंटर्नशिप एवं विद्यार्थी संवाद जैसी शैक्षणिक पहलों के माध्यम से बच्चों में वैज्ञानिक जागरूकता विकसित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
डॉ. पारिक्षित मुंडा ने पद्मश्री जमुना टुडू का परिचय देते हुए ओडिशा के मयूरभंज से झारखंड के चाकुलिया तक की उनकी प्रेरणादायक यात्रा तथा वर्ष 2019 में पद्मश्री सम्मान से सम्मानित होने की उपलब्धि का उल्लेख किया। उन्होंने वन संरक्षण के लिए उनके संघर्ष, महिलाओं को संगठित करने तथा सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से जंगलों को बचाने के उनके प्रयासों की सराहना की।
अपने प्रेरक संबोधन में पद्मश्री श्रीमती जमुना टुडू ने वर्ष 1998 से प्रारंभ हुई अपनी वन संरक्षण यात्रा के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि किस प्रकार उन्होंने गांव की महिलाओं को संगठित कर वनों की रक्षा का अभियान शुरू किया और पूर्वी सिंहभूम जिले में 400 से अधिक वन सुरक्षा समितियों के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अवैध लकड़ी कटाई करने वालों के विरोध में उन्हें अनेक कठिनाइयों, धमकियों एवं शारीरिक हमलों का सामना करना पड़ा, यहां तक कि उनके घर में लूटपाट की घटना भी हुई। इसके बावजूद उन्होंने अपने संकल्प को कमजोर नहीं होने दिया और वन संरक्षण के लिए निरंतर संघर्ष करती रहीं।
उन्होंने बताया कि वन संरक्षण के इस अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने के लिए वृक्षारोपण, विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम तथा पेड़ों को राखी बांधने जैसे सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने वृक्षों के साथ रक्षाबंधन की परंपरा को प्रकृति के प्रति प्रेम, सम्मान और संरक्षण का प्रतीक बताया।
श्रीमती टुडू ने युवाओं के कौशल विकास एवं रोजगार के लिए किए गए अपने प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया में लगभग 5,000 युवाओं को पुलिस एवं सशस्त्र बलों में भर्ती की तैयारी के लिए प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की पहल की गई, जिसके परिणामस्वरूप अनेक युवाओं को सुरक्षा सेवाओं, पुलिस एवं सेना में रोजगार प्राप्त करने में सहायता मिली।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ अच्छे नैतिक चरित्र, ईमानदारी, साहस एवं सामाजिक जिम्मेदारी का विकास भी अत्यंत आवश्यक है। हमें केवल अपने बारे में नहीं, बल्कि समाज और विशेषकर गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के बारे में पहले सोचना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि अच्छे कार्यों को करते समय कठिनाइयों या विरोध से भयभीत न हों और अपने संकल्प से पीछे न हटें।
उन्होंने अपने जीवन के संकल्प ‘जल, जंगल और जमीन’ की रक्षा के प्रति आजीवन प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा उन्हें ‘लेडी टार्जन’ के नाम से भी संबोधित किया गया है। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने विद्यार्थियों को विशेष संदेश देते हुए कहा कि प्रत्येक शुभ कार्य की शुरुआत एक पौधा लगाकर करनी चाहिए तथा उसका संरक्षण एवं पालन-पोषण भी सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जन्मदिन पर पौधे लगाने और उन्हें वृक्ष बनने तक देखभाल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण ही मानवता के सुरक्षित भविष्य का आधार है।
समापन संबोधन में श्री जय शंकर शरण, प्रशासन नियंत्रक, सीएसआईआर-एनएमएल ने पद्मश्री श्रीमती जमुना टुडू के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके वन संरक्षण के संघर्ष एवं समर्पण की तुलना भगवान बिरसा मुंडा के जल, जंगल और जमीन की रक्षा के संकल्प से की। उन्होंने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, वैज्ञानिकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने जनजातीय उत्थान, सामाजिक विकास, विज्ञान शिक्षा एवं सीएसआईआर-जिज्ञासा कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाने के लिए संस्थान की प्रतिबद्धता दोहराई।
जनजातीय गौरव दिवस-2026 का यह आयोजन भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों, जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, वैज्ञानिक जागरूकता एवं समावेशी विकास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का एक सार्थक प्रयास रहा।
