खूंटी : जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़ा के तहत मंगलवार को नगर भवन, खूंटी में जनजातीय शिल्पकार पंजीकरण मेले का आयोजन किया गया। भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास संघ लिमिटेड (ट्राईफेड), क्षेत्रीय कार्यालय झारखंड और बिहार की ओर से आयोजित इस मेले का शुभारंभ उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने किया। मेले में जिले के 41 जनजातीय शिल्पकारों ने भाग लेकर अपने पारंपरिक हुनर और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
मेले में जूट क्राफ्ट, बांस शिल्प सहित स्थानीय कारीगरों द्वारा तैयार विभिन्न हस्तनिर्मित और पारंपरिक उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। उपायुक्त मो० जावेद हुसैन, पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग, उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश और अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी ने स्टॉलों का निरीक्षण कर शिल्पकारों के उत्पादों की जानकारी ली एवं उनके हुनर की सराहना की।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि खूंटी के स्थानीय शिल्पकारों के उत्पादों में बाजार की बड़ी संभावनाएं हैं। जरूरत है उनके हुनर को उचित मंच, बेहतर ब्रांडिंग और प्रभावी मार्केटिंग से जोड़ने की। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में बाजार में हस्तनिर्मित और प्राकृतिक सामग्रियों से बने उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी ऐसे उत्पाद ऊंची कीमतों पर बिक रहे हैं। खूंटी के कारीगर भी आकर्षक और उपयोगी उत्पाद बनाने में सक्षम हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण, कौशल विकास और उचित मार्गदर्शन के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को इस क्षेत्र से जोड़ा जा सकता है। शिल्पकार ट्राईफेड और संबंधित विभागों के अधिकारियों से पंजीकरण, ब्रांडिंग ऑनलाइन बिक्री की प्रक्रिया की जानकारी लेकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं।
मेले का उद्देश्य स्थानीय पारंपरिक शिल्प को व्यापक बाजार से जोड़ना, शिल्पकारों की आय बढ़ाना और उन्हें आजीविका का बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
मौके पर ट्राईफेड के क्षेत्रीय प्रबंधक राज कुमार, उप प्रबंधक शैलेन्द्र कुमार राजू और जेएसएस के निदेशक शैलेश सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
