रांची: पद्मभूषण दिवंगत शिबू सोरेन की जीवन संगिनी और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां ‘रूपी सोरेन‘ अब इस दुनिया में नहीं रहीं. लंबी बीमारी के बाद आज उनका निधन हो गया. उनका इलाज रांची के हिल व्यू अस्पताल में चल रहा था. 18 सितंबर को सांस लेने में तकलीफ होने पर उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया था. झामुमो प्रवक्ता मनोज पांडे ने इस बात की पुष्टि की है.
अस्पताल में उनके स्वास्थ्य में लगातार उतार-चढ़ाव चल रहा था. मल्टी ऑर्गन प्रभावित होने की वजह से कई बार उनको वेंटिलेटर सपोर्ट पर भी रखा गया. 6 अक्टूबर को उनके स्वास्थ्य में सुधार हुआ था. लेकिन 7 अक्टूबर को अचानक तबीयत बिगड़ गई. उन्हें फौरन वेंटिलेटर पर रखा गया था. लेकिन फिर वापस नहीं लौट पाईं.
रूपी सोरेन मूल रूप से सरायकेला के चांडिल की रहने वाली थी. 1962 में शिबू सोरेन के साथ उनका विवाह हुआ था. तब उनका नाम रूपी किस्कू था. उन्होंने गुरु जी के संघर्ष के दिनों में तमाम कष्ट सहकर अपने तीन पुत्र दिवंगत दुर्गा सोरेन, हेमंत सोरेन, बसंत सोरेन और पुत्री अंजनी सोरेन की परवरिश की. जीवन में कई उतार-चढ़ाव देखे लेकिन सादगी और मजबूत संस्कार को कभी नहीं छोड़ा.
इस सूचना के बाद आज प्रोजेक्ट भवन में प्रस्तावित कैबिनेट की बैठक स्थगित कर दी गई है. बता दें कि पिछले साल 4 अगस्त 2025 को दिशोम गुरु शिबू सोरेन का निधन हो गया था. उन्हें मरणोपरांत पद्म भूषण का सम्मान मिला था. इस सम्मान को लेने के लिए खुद रूपी सोरेन राष्ट्रपति भवन गई थीं. गुरुजी के निधन के बाद से ही उनकी तबीयत खराब रहने लगी थी. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अक्सर उनका हेल्थ चेकअप कराने के लिए हैदराबाद और दिल्ली जाया करते थे.
