पश्चिमी सिंहभूम : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को चाईबासा के गांधी मैदान में आयोजित सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं मुख्य वक्ता मधु कोड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल और जनकल्याणकारी योजनाओं को रेखांकित किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, गरीब कल्याण, युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने और महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से जनसेवा को संगठन की प्राथमिकता बनाकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का आह्वान किया।
मधु कोड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, सुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण के रूप में देखे जाते हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से उनके कार्यों और जनसेवा की भावना को आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के सभी वर्गों के बीच सक्रिय रहकर सेवा कार्यों को गति देने की अपील की।
कार्यक्रम के मुख्य प्रभारी और पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लंबे सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रहित और जनसेवा को विशेष महत्व मिला है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के कार्यों और सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय गौरव की दिशा में आगे बढ़ रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू ने कार्यक्रम में पहुंचे कार्यकर्ताओं और नागरिकों के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। इसके बाद गांधी मैदान से तिरंगा लेकर सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। यात्रा पोस्ट ऑफिस चौक होते हुए जेल रोड स्थित मंगलाहाट पहुंची और फिर गांधी मैदान लौटकर समाप्त हुई। यात्रा के दौरान विभिन्न शहीद स्थलों पर माल्यार्पण कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में जेबी तुबिद, जवाहरलाल बांद्रा, चक्रधरपुर प्रभारी शैलेंद्र सिंह, जिला अध्यक्ष गुरुचरण नायक, प्रदेश सदस्य सतीश पुरी, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय पांडे, डॉ. विजय गागराई और रमेश खिरवाल सहित कई नेता मौजूद थे।
