पूर्वी सिंहभूम : गोलमुरी के विजय नगर स्थित जॉगर्स पार्क में श्री श्री काली पूजा समिति, नव युवक चेतना मंच की ओर से आयोजित मां काली पूजा के महाभोग प्रसाद वितरण समारोह में मंगलवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही पूजा स्थल पर भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। धार्मिक माहौल के बीच हजारों श्रद्धालुओं ने मां काली की पूजा-अर्चना कर महाभोग प्रसाद ग्रहण किया। पूरे परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास सहित शहर की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। रघुवर दास ने मां काली की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। उनके अलावा राकेश्वर पांडेय, पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष यदुनाथ पांडेय, शिवशंकर सिंह, डीएसपी मनोज ठाकुर, कन्हैया सिंह, दिनेश कुमार, सुधांशु ओझा, बबुआ सिंह, डीके मिश्रा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी मां काली का आशीर्वाद लिया और प्रसाद ग्रहण किया।
महाभोग वितरण के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था को लेकर नव युवक चेतना मंच के सदस्य एवं कार्यकर्ता लगातार सक्रिय रहे। मंटू तिवारी, जय सिंह यादव, भगवान सिंह, पप्पू उपाध्याय, नागेश राव, रामेश्वर कुमार, राजेश ओझा, रवि मुखी, सुनील यादव, उमेश प्रसाद, दिलीप केशरी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मंच के संयोजक सदस्य अप्पू तिवारी ने कहा कि नव युवक चेतना मंच की ओर से हर वर्ष मां काली की पूजा और महाभोग प्रसाद वितरण का आयोजन श्रद्धा और सामाजिक सहभागिता के साथ किया जाता है। प्रत्येक वर्ष के आयोजन से मिले अनुभवों के आधार पर अगले वर्ष कार्यक्रम को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि मंच का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में आपसी सहयोग, सेवा, सकारात्मक सोच और सामाजिक चेतना को बढ़ावा देना भी है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष काली पूजा पंडाल का उद्घाटन वृद्धाश्रम की पांच मातृशक्तियों और पदाधिकारियों की माताओं के हाथों कराया गया।
इस पहल के माध्यम से समाज में मातृशक्ति के सम्मान और उनकी भागीदारी का संदेश दिया गया।
अप्पू तिवारी ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान केवल धार्मिक अवसरों तक सीमित नहीं होना चाहिए।
