पूर्वी सिंहभूम : लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन, पूर्वी सिंहभूम की ओर से गुरुवार को साकची स्थित भामाशाह चौक पर लौकी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला अध्यक्ष राकेश साहू के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 501 छठव्रती परिवारों के बीच लौकी का वितरण किया गया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने छठव्रती माताओं-बहनों की सेवा को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी बताया।
जिला अध्यक्ष राकेश साहू ने कहा कि महासंगठन की ओर से प्रत्येक वर्ष छठ महापर्व के अवसर पर लौकी वितरण किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह महज सामग्री वितरण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि छठी मईया की सेवा और व्रतियों के प्रति सम्मान की भावना से किया जाने वाला आयोजन है। उन्होंने बताया कि संगठन की सभी क्षेत्रीय कमेटियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में छठव्रतियों के बीच लौकी वितरण करने का निर्देश दिया गया है।
कार्यक्रम के दौरान संगठन के जिला संरक्षक रामगोपाल जायसवाल ने जिला अध्यक्ष राकेश साहू को पौधा देकर सम्मानित किया। उन्होंने सामाजिक और धार्मिक सेवा कार्यों को बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए राकेश साहू के नेतृत्व की सराहना की। सम्मान के दौरान मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में मुख्य संरक्षक रंगनाथ प्रसाद, चंद्रिका प्रसाद, जिला संरक्षक अवधेश कुमार, मनोज साहू, शशांक कुमार, शिवांश गुप्ता और डॉ. ऋषिकेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने छठव्रती परिवारों के बीच लौकी का वितरण किया।
आयोजन को सफल बनाने में कमलेश साहू, प्रहलाद साहू, पूजा साहू, नेहा देवी, रीता साहू, मधु साहू, उपेंद्र साहू, रतन साहू, पप्पू साहू, रामकुमार साहू, विद्यानंद गुप्ता, गणेश साहू और सत्यदेव प्रसाद सहित बड़ी संख्या में सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभायी।
